दीदी मां ऋतंभरा की भागवत कथा में पहुँची मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भक्ति का उमड़ा सैलाब

मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली की घोड़ा विधानसभा क़े यमुना विहार एमटीएनएल ग्राउंड में आयोजित भागवत कथा के पावन मंच पर आज भक्ति और श्रद्धा का अनुपम समागम देखने को मिला। कथा स्थल पर देश की प्रख्यात संत साध्वी ऋतंभरा दीदी मां के दर्शन और आशीर्वाद के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं पहुँचीं।

मुख्यमंत्री ने दिव्य कथा श्रवण के दौरान कहा कि दीदी मां की अमृतवाणी जीवन को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज में भक्ति, मानवता और सेवा का भाव भी प्रबल करती है। उन्होंने कहा कि वे बचपन से दीदी मां को सुनती आई हैं और राष्ट्रहित एवं समाज निर्माण में दीदी मां के कार्य सदैव प्रेरणादायी रहे हैं।

अपने संबोधन में रेखा गुप्ता ने राम जन्मभूमि आंदोलन के ऐतिहासिक क्षणों को याद करते हुए कहा कि 90 के दशक में दीदी मां की ओजस्वी वाणी ने लाखों लोगों को राम मंदिर आंदोलन से जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि जब राम मंदिर का निर्माण पूर्ण हुआ और दीदी मां प्रांगण में उपस्थित थीं, तब उनकी आंखों से झरते आंसू समस्त सनातन समाज की भावनाओं का प्रतीक थे।

मुख्यमंत्री ने दीदी मां को प्राप्त पद्मश्री सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी सेवा भावना, त्याग, राष्ट्रप्रेम और समाज में किए गए उल्लेखनीय योगदान की पहचान है। उन्होंने गौ सेवा, कन्या उत्थान तथा हजारों बच्चों के पालन-पोषण जैसे कार्यों को दीदी मां की महान साधना बताया।

आयोजन समिति के प्रमुख सुभाष गोयल, मनोज मोहन गोयल, प्रमोद गुप्ता, पुनीत शर्मा, रेखा रानी, अनिल गॉड, यूके चौधरी के के अग्रवाल ,शिमला देवी आलोक महावर सत्यनारायण, सतीश गर्ग सीमा चौहान सहित सभी सहयोगियों को मुख्यमंत्री ने सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

रेखा गुप्ता ने कहा कि दीदी मां के आशीर्वाद से यह कथा क्षेत्र और समाज के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में शांति, शुभता और सौभाग्य लेकर आएगी।

कथा के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, और पूरा वातावरण “बांके बिहारी लाल की जय” के जयघोष से गुंजायमान होता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *