मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
उत्तर पूर्वी दिल्ली क़े सबोली गाँव और आसपास के क्षेत्रों के लाखों निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से सार्वजनिक परिवहन सुविधा की मांग कर रहे स्थानीय लोगों की समस्या को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सबोली गाँव राणा चौक से केंद्रीय सचिवालय और शिवाजी स्टेडियम तक बस सेवा शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है।
आरडब्ल्यूए सबोली गाँव के अध्यक्ष जगदीश चौधरी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह से 9 मीटर या 12 मीटर DEVI (Delhi Electric Vehicle Interconnector) बसें चलाने की औपचारिक मांग की थी। मुख्यमंत्री ने इस मांग को स्वीकार करते हुए प्रस्ताव को अपने अनुमोदन सहित परिवहन मंत्री को भेजा, जिसके बाद परिवहन मंत्री ने भी मंजूरी देकर फ़ाइल को डीटीसी की चीफ़ मैनेजिंग डायरेक्टर शिल्पा शिंदे (IAS) को प्रेषित कर दिया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार सबोली–मंडोली क्षेत्र में 6 लाख से अधिक आबादी रहती है, लेकिन वर्षों से यहां बस सुविधा उपलब्ध नहीं है। पहले मंडोली गाँव से चिल्ला गाँव और मंडोली से केंद्रीय सचिवालय तक बसें चलती थीं, जिन्हें बाद में बंद कर दिया गया था।
नौकरीपेशा लोगों व दैनिक यात्रियों को रोजाना पैदल चलकर, ई-रिक्शा या ऑटो से मंडोली चुंगी–वजीराबाद रोड तक जाना पड़ता है, जहाँ से वे बस पकड़ते हैं। यह प्रक्रिया उनके लिए समय और धन दोनों की बर्बादी साबित होती है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष जगदीश चौधरी ने दिल्ली सरकार द्वारा तंग गलियों में 9 मीटर की छोटी DEVI बसें चलाने की योजना का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्रीय सचिवालय और शिवाजी स्टेडियम से मंडोली चुंगी–फन्नेखां मोड़–सबोली गाँव–राणा चौक तक बस सेवा शुरू होने से लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
स्थानीय निवासियों ने इस निर्णय पर खुशी व्यक्त की है और उम्मीद जताई है कि बस सेवा जल्द ही धरातल पर दिखाई देगी।

