
मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स) मथुरा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को दिल्ली से एक्सप्रेसवे मार्ग से मथुरा पहुंचे। बाजना कट पर आयोजित विशाल जनसभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका उत्तर प्रदेश का पहला दौरा है और वह भी उस धरती पर, जिसके वे कर्जदार हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भावुक होते हुए कहा,
“2022 में मैं अपने मित्र राजेश चौधरी के लिए आपसे वोट मांगने आया था। आपने उन्हें विधायक बनाकर मुझे कर्जदार बना दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद मैंने केवल 24 घंटे पहले तय किया कि मांट की जनता का आभार व्यक्त करूंगा और आज आप लोगों ने इतिहास रच दिया।”
उन्होंने कहा कि इतनी कम सूचना के बावजूद लाखों की संख्या में उमड़ी भीड़ यह स्पष्ट कर रही है कि 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

एक्सप्रेसवे पर दिखा नया उत्तर प्रदेश : नितिन नवीन
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा,
“दिल्ली से एक्सप्रेसवे पर आते हुए ऐसा लगा जैसे किसी विदेशी शहर में प्रवेश कर रहे हों। उत्तर प्रदेश आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। 2027 के चुनाव में भाजपा की सरकार फिर बनेगी, इसका संदेश आज मांट की धरती से पूरे प्रदेश में चला गया है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस सपने को हम सभी को मिलकर साकार करना है।
उन्होंने बताया कि मजदूरों को 125 दिन का रोजगार देकर उनके सम्मान को बढ़ाया गया है और गरीब, किसान, मजदूर व युवा भाजपा की नीतियों से सीधे लाभान्वित हो रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधायक राजेश चौधरी की खुलकर प्रशंसा करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं और मांट क्षेत्र को नई पहचान दिला रहे हैं।

विधायक राजेश चौधरी का भावुक संबोधन
मांट क्षेत्र के युवा विधायक राजेश चौधरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को अपने जीवन का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक दिन बताया।
उन्होंने कहा,
“10 मार्च 2022 को जब मैं विधायक बना, उसी दिन मांट गुलामी से आज़ाद हुआ। इस नौहवारी की पवित्र भूमि पर राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष का आगमन हम सबके लिए सौभाग्य की बात है। यह सब बांके बिहारी जी की कृपा और जनता के आशीर्वाद से संभव हुआ है।”
उन्होंने एक रोचक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि मथुरा के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जो उनके ही निर्वाचन क्षेत्र के निवासी हैं, ने उनसे पूछा था कि क्या नितिन नवीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले हैं, जिस पर उन्होंने कहा कि आपने सही सूचना सुनी है।
स्वागत में टूटे रिकॉर्ड, फूलों से पट गया बाजना कट
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए सुबह 7 बजे से ही बाजना कट पर हजारों की संख्या में लोग जुटने लगे थे।
ढोल-नगाड़ों और ताशों की गूंज के बीच दर्जनों जेसीबी मशीनों की कतार लगाकर पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा क्षेत्र फूलों से पट गया।
भारी जनसमूह को देखकर राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित सभी भाजपा नेता बेहद प्रसन्न नजर आए और बार-बार जनता का आभार व्यक्त करते दिखे।
मंच पर दिखी दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
इस ऐतिहासिक जनसभा में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण, पूर्व मंत्री अशोक कटियार, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, विधायक पूरन प्रकाश, हाथरस सांसद अनूप प्रधान, एमएलसी चौधरी ऋषिपाल सिंह, जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पूरा पंडाल “जय श्रीराम” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से गूंजता रहा।
सैकड़ों बाइकों की रैली से हुआ भव्य स्वागत
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में अन्ना हजार,सुभाष चौधरी, दिलावर प्रधान (खाजपुर), दिनेश चौधरी, सरपंच पिंटू चौधरी अपनी-अपनी टीमों के साथ सैकड़ों बाइकों की रैली निकालकर जनसभा में शामिल हुए, जिससे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।

सुरक्षा व्यवस्था सख्त, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एएसपी अनुज चौधरी की ड्यूटी लगाई गई थी। उन्हें देखकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और सेल्फी लेने की होड़ लग गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उन्हें कुछ समय के लिए शहीद पंकज कुमार चौकी में रुकना पड़ा।
मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधायक की माता जी को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के उपरांत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मांट विधायक राजेश चौधरी के आवास पहुंचे और उनकी दिवंगत माता स्वर्गीय प्रेमवती देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नेताओं ने उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 30 मिनट तक विधायक के आवास पर रुके और शोकाकुल परिवार से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इस अवसर पर विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में मुख्यमंत्री और शीर्ष नेताओं का उनके घर पहुंचना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है।

