मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स ) नौहझील। नौहझील ब्लॉक के गांव मिठ्ठोली में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नेतृत्व में किसानों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। किसानों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई सक्षम अधिकारी किसानों के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान नहीं करता, तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।
किसानों का आरोप है कि तीन दिन से धरना चलने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई सक्षम अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा है। किसानों का कहना है कि अधिकारी चुनाव का हवाला देकर किसानों के बीच आने से बच रहे हैं। इससे किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है।
धरने पर किसानों ने क्षेत्र की कई प्रमुख समस्याएं उठाईं। इनमें पोखरों पर अतिक्रमण, विभिन्न गांवों में श्मशान घाट की जमीन पर कब्जे के मामले, समितियों पर खाद की समस्या, बंद पड़े प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्लॉक में सरकारी खरीद केंद्र का संचालन नहीं होना तथा जर्जर विद्युत लाइनों की समस्या प्रमुख हैं। किसानों ने कहा कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश से फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है, लेकिन किसानों की समस्याओं पर प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा।
मंडल उपाध्यक्ष चौधरी योगेंद्र सिंह ने कहा कि जब तक कोई सक्षम अधिकारी किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को नहीं सुनेगा, धरना जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि नवरात्रों के बाद एक बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
धरने में राष्ट्रीय प्रचार मंत्री चौधरी करुआ सिंह, प्रदेश सचिव चौधरी देवेंद्र सिंह, मंडल उपाध्यक्ष चौधरी योगेंद्र सिंह, तहसील संगठन मंत्री चौधरी रणजीत सिंह, चौधरी उदय सिंह, प्रेम सिंह, सुखराम सिंह, चौधरी हरवान सिंह, चौधरी अमर सिंह, चौधरी मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

