
मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री एवं पूर्व सांसद माननीय बहन कु. मायावती की अध्यक्षता में को उत्तर प्रदेश स्टेट यूनिट के स्टेट, मंडल, जिला एवं विधानसभा स्तर के सभी पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा आम चुनाव को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए बहन मायावती ने कहा कि बीएसपी का सिद्धांत और नीति सदैव “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” की रही है। इसी सोच के आधार पर पार्टी ने उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित कर सर्वसमाज के लोगों के जान-माल व मजहब की सुरक्षा की संवैधानिक गारंटी को जमीन पर उतारने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में प्रदेश की जनता बेहतर सड़क, बिजली, पानी, ट्रैफिक व्यवस्था, शिक्षा, अस्पताल एवं रोजगार सहित समतामूलक विकास चाहती है, जिस पर सरकार को निष्पक्ष भाव से ध्यान देना चाहिए। बीएसपी सरकार के कार्यकाल में विकास, कानून-व्यवस्था और सामाजिक न्याय का संतुलन देखने को मिला था।
बहन मायावती ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकारों की नीतियों से समाज के विभिन्न वर्गों में असंतोष बढ़ा है। उन्होंने कहा कि स्थायी रोजगार की अनदेखी कर ठेका व आउटसोर्सिंग प्रणाली को बढ़ावा दिया गया, जिससे शोषण बढ़ा और शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं।
बैठक में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने, विरोधी दलों की साजिशों का डटकर मुकाबला करने तथा मिशन-2027 को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा से जुटने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी के लोग जनता के बीच जाकर बीएसपी की नीतियों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से रखें।
इसके साथ ही बहन मायावती ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर कहा कि राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि गरीब, मजदूर, महिलाएं और वंचित वर्ग के लोग मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहें। अधिकारियों को इस दिशा में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए जाने चाहिए।
बैठक से पूर्व मीडिया को संबोधित करते हुए बहन मायावती ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में सार्थक चर्चा होनी चाहिए, ताकि जनता तथ्यों के आधार पर सही-गलत का आकलन कर सके। उन्होंने सत्ता और विपक्ष दोनों से जनहित के मुद्दों पर गंभीरता दिखाने की अपील की।
बैठक के अंत में बीएसपी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि पार्टी आगामी चुनाव में जनसमर्थन के साथ फिर से सरकार बनाकर प्रदेश में कानून का राज, सामाजिक न्याय और विकास को नई दिशा देगी।

