“दुश्मन के लिए सीना तान, अपनों के लिए रक्तदान” — 103 RAF परिसर में रक्तदान शिविर

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
उत्तर पूर्वी दिल्ली। वजीराबाद पुस्ता रोड स्थित खजूरी खास में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर 103 द्रुत कार्य बल (RAF) परिसर में देशभक्ति और मानव सेवा की भावना के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में यूनिट के अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए राष्ट्र सेवा के साथ मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ RCWA 103 द्रुत कार्य बल की प्रमुख श्रीमती शाल्या देवी तथा 103 द्रुत कार्य बल के कमांडेंट चन्दम बाँबी सिंह ने स्वयं रक्तदान कर किया। इस अवसर पर सभी ने कहा कि देश की रक्षा करने वाले जवान केवल सीमाओं पर ही नहीं, बल्कि समाज की सेवा में भी सदैव अग्रणी रहते हैं और रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की जान बचाने का कार्य करते हैं।
बताया गया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 87वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में स्थापित सीआरपीएफ की सभी वाहिनियों में 7 से 9 मार्च तक रक्तदान एवं पारिवारिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य किसी भी बीमारी, दुर्घटना या ऑपरेशन के दौरान आपात स्थिति में जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर नया जीवन देना है।
इस अवसर पर “दुश्मन के लिए सीना तान, अपनों के लिए रक्तदान” के संदेश को साकार करते हुए कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी अनिल कुमार, संजीव कुमार, डॉ. अमित कुमार, उप कमांडेंट श्रीमती शोभा रावत, सहायक कमांडेंट राजपाल एवं मनफूल मेहरिया, सूबेदार मेजर नरेन्द्र सिंह सहित कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
रक्तदान शिविर में GTB Hospital की मेडिकल टीम के डॉक्टर डॉ. सुरेन्द्र कुमार वत्स और डॉ. रमा कृष्णा ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर के दौरान जवानों में देशभक्ति का जज्बा साफ दिखाई दिया, जहां उन्होंने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर यह संदेश दिया कि राष्ट्र सेवा और मानव सेवा ही सच्ची देशभक्ति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *