‘
नई दिल्ली, गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय से संबद्ध डॉ. अखिलेश दास गुप्ता इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज़, नई दिल्ली में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करना और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य से जोड़ना था।
कार्यक्रम में यूथ आइकन राहुल अरोड़ा, एपीएस श्री प्रियंक मिश्रा (युवा मामले एवं खेल मंत्री प्रतिनिधि) तथा मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स के प्रतिनिधि श्री प्रथम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता राहुल अरोड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने इसके लगभग 150 वर्षों के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ आज भी युवाओं को देश के विकास के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के दौरान ‘विकसित भारत युवा मिशन (YUM) 2047’ पर आधारित पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से छात्रों को राष्ट्रीय मूल्यों, जिम्मेदारियों और देश के विकास में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
श्री प्रियंक मिश्रा ने युवाओं को देश में चल रही विभिन्न सरकारी परियोजनाओं की जानकारी दी। वहीं संस्थान के निदेशक प्रोफेसर डॉ. निरंजन भट्टाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि युवा ‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को खुला मंच भी दिया गया, जहां उन्होंने अपने विचार साझा किए और देश के विकास में अपनी भूमिका पर चर्चा की। छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश की प्रगति और समृद्धि में योगदान देने का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना गया।

