शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य को नई दिशा दे रहा खटीक समाज एकता संगठन – दरियाव सिंह

पायल गुप्ता – प्रधान संपादक
(वीर सूर्या टाइम्स)नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शिव विहार क्षेत्र में खटीक समाज को संगठित, जागरूक और मजबूत बनाने के उद्देश्य से “खटीक समाज एकता संगठन” लगातार सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संगठन द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं के रोजगार और समाज में एकता बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है। समाज के लोगों का कहना है कि संगठन का मुख्य उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को सही दिशा देना और समाज को शिक्षा एवं जागरूकता के माध्यम से आगे बढ़ाना है।
संगठन की अध्यक्षता डीटीसी के पूर्व अधिकारी दरियाव सिंह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को सही मार्गदर्शन की सबसे अधिक आवश्यकता है। यदि युवाओं को समय रहते उचित शिक्षा, करियर संबंधी जानकारी और सकारात्मक माहौल मिले, तो वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसी सोच के साथ संगठन द्वारा युवाओं के लिए समय-समय पर करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ युवाओं को रोजगार और भविष्य से जुड़ी जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि आज के समय में युवाओं के सामने करियर को लेकर कई चुनौतियां हैं। ऐसे में संगठन का प्रयास रहेगा कि युवाओं को सरकारी नौकरियों, तकनीकी शिक्षा, स्वरोजगार, खेल, कंप्यूटर शिक्षा और अन्य क्षेत्रों के बारे में जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए। साथ ही समाज के गरीब और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का भी कार्य किया जाएगा।
संगठन शिव विहार खटीक समाज सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को साथ लेकर समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। संगठन से जुड़े लोगों का कहना है कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए आपसी सहयोग और सामूहिक भागीदारी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
संगठन में मुख सलाहकार के रूप में हरकेश कुमार सूर्यवंशी, उपाध्यक्ष के रूप में शिवकुमार चौहान, महासचिव के रूप में नवाब सिंह खटीक, सचिव के रूप में जितेंद्र प्रधान तथा कोषाध्यक्ष के रूप में राहुल सूर्यवंशी अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इसके अलावा वीरपाल सिंह, लीला, लीलाधर, लक्ष्मण सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग संगठन से जुड़े हुए हैं और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
हाल ही में आयोजित बैठक में सभी सदस्यों ने शिव विहार खटीक समाज को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं के भविष्य, समाज में जागरूकता और सामाजिक एकता जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन की ओर से बताया गया कि समय-समय पर बैठकें आयोजित की जाती हैं, जिनमें सभी सदस्यों की सहमति से समाजहित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं।
संगठन से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में समाज के युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के लिए कई सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज को नई दिशा और मजबूती मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *