श्रीराम कॉलोनी में बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 नाबालिग बच्चे रेस्क्यू

कई अवैध फैक्ट्रियां सील, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने की छापेमारी

रिशु उपाध्याय (वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के श्रीराम कॉलोनी इलाके में बाल श्रम के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया। इस दौरान कई अवैध रूप से संचालित फैक्ट्रियों को भी सील किया गया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप का माहौल देखा गया।
जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन, दिल्ली पुलिस, चाइल्ड लेबर विभाग तथा सामाजिक संगठनों की संयुक्त टीम ने इलाके की कई फैक्ट्रियों और दुकानों में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराई जा रही थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें संरक्षण में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।


यह विशेष अभियान उत्तर-पूर्वी दिल्ली प्रशासन के नेतृत्व में चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार बाल श्रम के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
वहीं एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट वरुण शर्मा ने बताया कि प्रशासन समय-समय पर उन क्षेत्रों में निरीक्षण कर कार्रवाई करता है, जहां बाल मजदूरी की शिकायतें मिलती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण और शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
चाइल्ड लेबर विभाग की वरिष्ठ अधिकारी शोभा सिंह ने बताया कि विभाग लगातार पुलिस और क्षेत्रीय एनजीओ के सहयोग से बाल श्रम के खिलाफ अभियान चला रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी नाबालिग बच्चों से काम कराया जा रहा हो तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
फिलहाल संबंधित दुकानों और फैक्ट्रियों के खिलाफ जांच जारी है और नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *