विश्व पर्यावरण दिवस पर 103 आरएएफ बटालियन का हरित अभियान, सैकड़ों पौधे लगाए

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 103 बटालियन द्रुत कार्य बल (आरएएफ/सीआरपीएफ), बिहारीपुर करावल नगर, दिल्ली द्वारा कैंप परिसर में भव्य पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, हरित वातावरण का निर्माण करना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट चंदम बॉबी सिंह ने किया। इस दौरान अधिकारियों, जवानों, महिला सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार और औषधीय पौधे लगाए। पूरे परिसर में पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के संदेश के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
कमांडेंट चंदम बॉबी सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
बटालियन परिवार कल्याण केंद्र की अध्यक्षा ए. शालिया देवी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत घर और परिवार से होती है। यदि प्रत्येक परिवार वर्ष में कुछ पौधे लगाकर उनका संरक्षण करे तो देश को हरा-भरा बनाने का सपना साकार हो सकता है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जवानों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
103 आरएएफ बटालियन का यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और हरित भविष्य की दिशा में सामूहिक भागीदारी का प्रेरणादायी संदेश भी देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *