ऑपरेशन मिलाप: दिल्ली पुलिस ने 2 घंटे में लापता 3 वर्षीय मासूम को खोजकर परिवार से मिलाया

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स) नई दिल्ली, 11 जून। दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए “ऑपरेशन मिलाप” के तहत लापता हुए 3 वर्षीय बच्चे को महज दो घंटे के भीतर सुरक्षित खोजकर उसके परिवार से मिला दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और व्यापक सर्च अभियान की बदौलत मासूम सकुशल बरामद हो सका।
पुलिस के अनुसार, 10 जून की रात एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें सूचना दी गई कि करीब 3 वर्ष का एक बच्चा लापता हो गया है। सूचना मिलते ही एसआई कन्हैया लाल और एसआई ऋषि अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच शुरू की।
बच्चे की मां, जो शास्त्री नगर की निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि वह शाम करीब 8 बजे बाजार गई थीं और बच्चे को घर पर छोड़ गई थीं। लौटने पर बच्चा घर पर नहीं मिला। परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई कन्हैया लाल, एसआई ऋषि, हेड कांस्टेबल अंकित तथा बीट स्टाफ ने तुरंत सघन खोज अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने इलाके में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बच्चा हल्के ग्रे रंग की टी-शर्ट और ग्रे निकर पहने दिखाई दिया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बच्चे के संभावित रास्ते का पता लगाया और आसपास के पार्कों, बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद रात करीब 11:50 बजे पुलिस टीम ने आराम पार्क क्षेत्र के एक पार्क से बच्चे को बरामद कर लिया। उस समय बच्चा रो रहा था और घबराया हुआ था।
पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसकी देखभाल की तथा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने दिल्ली पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस टीम की सराहना की।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त Rajendra Prasad Meena ने कहा कि ऑपरेशन मिलाप के तहत दिल्ली पुलिस हर लापता बच्चे को जल्द से जल्द खोजकर उसके परिवार से मिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सफलता दिल्ली पुलिस की संवेदनशीलता, पेशेवर कार्यशैली और बच्चों की सुरक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *