मनीष सूर्यवंशी नई दिल्ली, 11 जून। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के थाना सीलमपुर को सूचना मिली कि गौतमपुरी इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर हमला किया है और इसके बाद फरार हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पुलिस को करीब 35 वर्षीय महिला मृत अवस्था में मिली। महिला को तत्काल जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना सीलमपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

