जेल से छूटते ही फिर शुरू की गांजा तस्करी, 5.536 किलो गांजा सहित महिला गिरफ्तार

पायल गुप्ता (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली, 11 जून। शाहदरा जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5.536 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 10 जून को एएनटीएफ शाहदरा को सूचना मिली थी कि गीता कॉलोनी क्षेत्र में एक महिला गांजा की सप्लाई और बिक्री में सक्रिय है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गीता कॉलोनी स्थित सफेदा झुग्गी इलाके में छापेमारी कर 19 वर्षीय रूपा को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके घर से 5.536 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद थाना गीता कॉलोनी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत एफआईआर संख्या 164/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह करीब एक माह पहले ही एक एनडीपीएस मामले में जेल से छूटकर आई थी। इसके बावजूद उसने दोबारा नशे के कारोबार में कदम रख दिया। आरोपी दिल्ली-लोनी और एनसीआर क्षेत्र से गांजा खरीदकर दिल्ली के विभिन्न इलाकों में ग्राहकों और अन्य तस्करों को सप्लाई करती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके सप्लायरों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
शाहदरा पुलिस ने कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *