
मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली/हरियाणा। हरियाणवी रागिनी और लोक कला जगत के लोकप्रिय कलाकार पेप्सी शर्मा का हार्ट अटैक के कारण अचानक निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर ने पूरे हरियाणवी सांस्कृतिक और रागिनी जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। कलाकारों, प्रशंसकों और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे कला जगत की अपूरणीय क्षति बताया है।
पेप्सी शर्मा अपनी दमदार मंचीय प्रस्तुतियों, हास्य-व्यंग्य से भरपूर अंदाज और बेहतरीन रागिनी गायन के लिए जाने जाते थे। उन्होंने वर्षों तक हरियाणवी लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मंच पर उनकी उपस्थिति दर्शकों को बांधे रखती थी और उनकी रागिनियां लोगों के दिलों में विशेष स्थान रखती थीं।
उन्होंने हरियाणा की प्रसिद्ध कलाकारों सपना चौधरी, रचना तिवारी, राधा चौधरी, दीपा चौधरी सहित अनेक कलाकारों के साथ मंच साझा किया। अपनी कला के साथ-साथ वे अपने मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के लिए भी पहचाने जाते थे। साथी कलाकारों के अनुसार वे हमेशा नए और पुराने कलाकारों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे और हर किसी की मदद के लिए तत्पर रहते थे।
हरियाणवी लोकगायिका रचना तिवारी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पेप्सी शर्मा केवल एक कलाकार नहीं, बल्कि एक नेकदिल इंसान थे। उन्होंने कहा, “वे हमेशा सभी कलाकारों को साथ लेकर चलते थे। उनके चेहरे पर मुस्कान रहती थी और वे मंच के पीछे भी सभी का सम्मान करते थे। उनके अचानक चले जाने से पूरा कलाकार जगत स्तब्ध है।”
रचना तिवारी ने कहा कि पेप्सी शर्मा का निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणवी कला जगत के लिए एक बड़ा आघात है। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
बताया जा रहा है कि पेप्सी शर्मा अपने पीछे परिवार और छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर भी उनके प्रशंसक और साथी कलाकार श्रद्धांजलि संदेश साझा कर रहे हैं।
पेप्सी शर्मा भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज, उनकी रागिनियां, उनका हास्य और उनका सरल व्यक्तित्व हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगा। हरियाणवी लोक संस्कृति और रागिनी मंच में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

