तिरंगे के रंग में रंगी उत्तर पूर्वी दिल्ली, हजारों लोगों ने लिया राष्ट्रभक्ति का संकल्प

रविन्द्र कुमार – वीर सूर्या टाइम्स उत्तर पूर्वी दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के उत्तर पूर्वी दिल्ली एवं नवीन शाहदरा जिला संगठनों की ओर से भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। विशाल तिरंगे, हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के नारों के बीच निकली इन यात्राओं ने राजधानी के इस क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, मार्केट संगठनों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वही उत्तर पूर्वी जिला भाजपा की तिरंगा यात्रा का शुभारंभ यमुना विहार स्थित जिला कार्यालय, सर्विस रोड के पास, पिंक लाइन मेट्रो स्टेशन गोकलपुरी के निकट से हुआ। यात्रा भजनपुरा चौक, करावल नगर रोड और चांदबाग पुलिया होते हुए शेरपुर चौक पर संपन्न हुई।

यात्रा का संयोजन जिला अध्यक्ष डॉ. यूके चौधरी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश महामंत्री मोहन लाल गिहारा, मंत्री गौरव खारी, जिला प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष आनंद त्रिवेदी, रंजन त्यागी, महामंत्री हितेंद्र त्यागी, पार्षद प्रमोद गुप्ता, नीता बिष्ट, मंडल अध्यक्ष राकेश डेढ़ा सहित जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
यात्रा के समापन पर सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि तिरंगे के पीछे देश के हजारों बलिदानियों का इतिहास और त्याग जुड़ा हुआ है। यह प्रत्येक देशवासी के लिए स्वाभिमान और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों की शहादत से मिली स्वतंत्रता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की।

प्रदेश महामंत्री मोहन लाल गिहारा ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना तथा आमजन में राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को मजबूत करना है।

विधायक अजय महावर ने कहा कि सड़कों पर लहराते तिरंगे इस बात के प्रतीक हैं कि देश के नागरिकों के मन में राष्ट्रभक्ति और हृदय में तिरंगे के प्रति सम्मान है। विधायक सूर्य प्रकाश खत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि आज वही तिरंगा राष्ट्रवाद और देशभक्ति के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है।

नवीन शाहदरा में 100 फीट लंबे तिरंगे ने खींचा ध्यान

इसी कड़ी में भाजपा जिला नवीन शाहदरा द्वारा जिला अध्यक्ष मा. विनोद जी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता 100 फीट लंबा तिरंगा रहा, जिसे लेकर हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी, व्यापारी और मार्केट से जुड़े लोग यात्रा में शामिल हुए।

पूरे मार्ग पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंजता रहा। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने यात्रा को जनभागीदारी वाला राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने देश के वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि आजादी की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

तिरंगा यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति निष्ठा और समर्पण की अभिव्यक्ति है। भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

जिला अध्यक्ष मा.विनोद ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की प्रगति और मजबूती में प्रत्येक नागरिक से योगदान देने का आह्वान किया।

यात्रा में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम बिधूड़ी, प्रदेश उपाध्यक्ष रंजीत कश्यप, प्रदेश कार्यालय मंत्री कैलाश जैन, डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट, विधायक जितेंद्र महाजन, जिला महामंत्री दुष्यंत वर्मा, बिन्नी वर्मा, वीर सेन अटवाल, कार्यक्रम संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष आशीष पुनिया, सुदेश माहौर,रवि प्रधान सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उत्तर पूर्वी दिल्ली में आयोजित दोनों तिरंगा यात्राओं में एक समान संदेश दिखाई दिया—राष्ट्र सर्वोपरि है। अलग-अलग क्षेत्रों से निकली यात्राओं में हजारों लोगों की भागीदारी ने स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को प्रदर्शित किया।
विशाल तिरंगे से लेकर हाथों में लहराते छोटे-छोटे राष्ट्रीय ध्वज तक, पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल दिखाई दिया। यात्राओं के समापन पर उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।
उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र इन तिरंगा यात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस को केवल एक पर्व के रूप में नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के सामूहिक संकल्प के रूप में प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *