मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के थाना नंद नगरी पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सुंदर नगरी क्षेत्र में संचालित एक जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान चार संचालकों समेत कुल 22 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से ₹38,030 की नकद राशि तथा जुआ-सट्टा खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद कर जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 6 जून 2026 की रात करीब 10:20 बजे एएसआई प्रमोद और हेड कांस्टेबल दीपक क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गगन सिनेमा टी-प्वाइंट के पास उन्हें गुप्त सूचना मिली कि सुंदर नगरी स्थित एक मकान में बड़े स्तर पर जुआ और सट्टे का खेल चल रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और थाना प्रभारी को अवगत कराया। इसके बाद एसआई विनोद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। सूचना की पुष्टि होने के बाद सक्षम प्राधिकारी से तलाशी वारंट प्राप्त कर मकान पर छापा मारा गया।
छापेमारी के दौरान 22 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। जांच में चार व्यक्तियों की पहचान जुए और सट्टे के रैकेट के संचालक के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपियों में बिजेंद्र उर्फ भीम (36), अशफाक (52), राजेश (46) और छोटे लाल (31) शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से ₹38,030 की नकद राशि के अलावा जुआ और सट्टे से संबंधित सामग्री भी बरामद की। इस संबंध में थाना नंद नगरी में जुआ अधिनियम की धारा 3/4/9 के तहत एफआईआर संख्या 320/2026 दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राजेश और छोटे लाल पहले भी जुआ अधिनियम के मामलों में संलिप्त रह चुके हैं। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और गतिविधियों की जांच कर रही है।
नंद नगरी पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टेबाजी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

