गोकलपुरी पुलिस की बड़ी कामयाबी: लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग पकड़ा गया

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली की गोकलपुरी थाना पुलिस ने लूटपाट के एक गंभीर मामले का पर्दाफाश करते हुए महज कुछ घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन बरामद कर मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार 6 जून 2026 को गोकलपुरी थाने में एक व्यक्ति से लूटपाट की सूचना प्राप्त हुई थी। शुरुआती जांच के दौरान पीड़ित सदमे और भय की स्थिति में होने के कारण घटना स्थल की सही जानकारी नहीं दे सका। बाद में 8 जून को पीड़ित पंकज राय (41) थाने पहुंचा और पूरी घटना का विस्तृत विवरण पुलिस को दिया।

पीड़ित ने बताया कि वह एक निजी बस में चालक के रूप में कार्यरत है। 6 जून को वह लाल किला से रोहिणी जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ता भटककर गोकलपुरी पहुंच गया। गोकलपुरी मेट्रो स्टेशन पर रास्ता पूछने के दौरान एक युवक ने मदद का भरोसा दिलाया और उसे ई-रिक्शा में बैठाकर लोनी गोल चक्कर ले गया, जहां उसका एक साथी बुलेट मोटरसाइकिल के साथ पहले से मौजूद था।

आरोप है कि बदमाशों ने चाकू की नोक पर पंकज राय को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और उसे एक सुनसान कमरे में ले गए, जहां दो अन्य युवक पहले से मौजूद थे। वहां आरोपियों ने पीड़ित से 8 हजार रुपये नकद लूट लिए तथा उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसके मोबाइल फोन से 12,500 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गोकलपुरी थाना पुलिस ने एफआईआर संख्या 148/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने दिल्ली के मंडोली और उत्तर प्रदेश के लोनी क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार (21), निवासी साबोली, दिल्ली तथा अनुराग उर्फ मच्छर (20), निवासी लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। इसके अलावा एक 15 वर्षीय नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई एसीपी गोकलपुरी दीपक चंद्रा के पर्यवेक्षण तथा एसएचओ इंस्पेक्टर उमेद सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

“गोकलपुरी पुलिस ने घंटों में सुलझाया लूटकांड, दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग समेत तीन दबोचे”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *