योग अपनाएं, स्वस्थ रहें: आरोग्य भारती के शिविर में विशेषज्ञों ने दिया संदेश

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स) नई दिल्ली। आरोग्य भारती, दिल्ली प्रांत के यमुना विहार विभाग प्रभाग के नंदनगरी जिला द्वारा दिलशाद गार्डन स्थित डिस्ट्रिक्ट पार्क (डियर पार्क) में योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के बंधु-भगिनियों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में दिल्ली प्रांत की ओर से योगाचार्य डॉ. जय सिंह मुख्य प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं स्वास्थ्यवर्धक योग क्रियाओं का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने योग को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित योगाभ्यास करने का आह्वान किया।
शिविर में लगभग 60 से 65 लोगों ने सहभागिता की। आयोजकों ने बताया कि यह योग प्रशिक्षण शिविर 9 एवं 10 जून 2026 को भी प्रातः 6 बजे से 7:30 बजे तक इसी स्थान पर आयोजित किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति न केवल स्वयं को स्वस्थ रख सकता है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के स्वास्थ्य एवं विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के “योग करें और स्वस्थ रहें” संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में यमुना विहार विभाग प्रभाग के संयोजक डॉ. पवन शर्मा, नंदनगरी जिला के अध्यक्ष डॉ. सुशील शर्मा, जिला सचिव डॉ. धनंजय कुमार सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महिलाओं की ओर से दिलशाद गार्डन मंडल की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सुषमा बधवा ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *