शिव विहार में निःशुल्क नेत्र जांच एवं दस्तावेज़ कैंप का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ

नरेंद्र सिंह | वीर सूर्या टाइम्स
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शिव विहार क्षेत्र में खटीक समाज एकता संगठन एवं आर के नवदृष्टि फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र जांच एवं जनसेवा कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ फीता काटकर किया गया, जिसके बाद क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य एवं दस्तावेज संबंधी सेवाओं का लाभ उठाया।
कैंप में आधुनिक मशीनों द्वारा आंखों की जांच की गई तथा जरूरतमंद लोगों को मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं। कई लोगों को निःशुल्क चश्मे भी दिए गए, जबकि कुछ लोगों को रियायती दरों पर चश्मे उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा बुजुर्गों की आंखों के मोतियाबिंद की जांच कर उन्हें ऑपरेशन से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं तिथि प्रदान की गई।
इस दौरान नेत्र विशेषज्ञ डॉ. राकेश कुमार मोघा, डॉ. मधु, डॉ. रूबी यादव, डॉ. पवन शर्मा, डॉ. धर्मेंद्र कुमार एवं डॉ. विजय कुंद्रा उपस्थित रहे। डॉक्टरों ने लोगों को आंखों की नियमित जांच कराने एवं आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक किया।


कार्यक्रम में पूर्व मेयर मीनाक्षी सूर्यवंशी भी शामिल हुईं। उन्होंने अपनी आंखों की जांच कराई और कहा कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने खटीक समाज एकता संगठन के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की उम्मीद जताई।
कैंप में लोकेश कम्युनिकेशन द्वारा जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न आवश्यक दस्तावेजों के ऑनलाइन आवेदन भी किए गए। लोगों ने बताया कि ये दस्तावेज सरकारी योजनाओं, राशन कार्ड एवं अन्य जरूरी कार्यों में अत्यंत उपयोगी हैं।


संगठन के अध्यक्ष दरियाव सिंह ने कहा कि खटीक समाज एकता संगठन हमेशा दलित एवं पिछड़े वर्ग के लोगों के हित में कार्य करता रहेगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनसेवा कैंप आयोजित किए जाएंगे ताकि जरूरतमंद लोगों को अधिक से अधिक सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर शिवचरण सूर्यवंशी, नारायण प्रधान, लज्जाराम, नवाब सिंह, राहुल सूर्यवंशी, लोकेश कुमार, विनोद कुमार, फकीर चंद्र तोमर, लक्ष्मण सिंह, हरिकिशन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *