मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
लखनऊ। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज से आज लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास, 5 कालीदास मार्ग पर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के माननीय विधायकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से जुड़ी जनसमस्याओं और विकास से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर मुजफ्फरनगर जनपद की बुढ़ाना विधानसभा के माननीय विधायक राजपाल सिंह बालियान, शामली जनपद की सदर विधानसभा के विधायक प्रसन्न चौधरी, शामली जनपद की थाना भवन विधानसभा के विधायक अशरफ अली खान तथा मुजफ्फरनगर जनपद की मीरापुर विधानसभा की माननीय विधायक श्रीमती मिथिलेश पाल भी उपस्थित रहीं।
रालोद विधायकों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याएं रखते हुए उनके समाधान का अनुरोध किया। प्रमुख मांगों में यमुना एक्सप्रेसवे के निकट ट्रामा सेंटर का निर्माण, यमुना एक्सप्रेसवे पर सुरीर–टेंटीगांव के मध्य एवं बलदेव क्षेत्र में कट (इंटरचेंज) का निर्माण, मांट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पानीगांव को नगर निगम में शामिल करने, तथा पानीगांव क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा संचालित ढाबों, धर्मशालाओं और होटलों के मानचित्रों को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) से स्वीकृत कराने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
इसके अतिरिक्त विधायकों ने मांट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्गों के नवनिर्माण, विशेष मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य कराने तथा जनपद मथुरा में यमुना नदी के किनारे स्थान-स्थान पर बांध निर्माण कर आगामी वर्षा ऋतु में कटान की समस्या से निजात दिलाने का मुद्दा भी उठाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने और शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित और क्षेत्रीय विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।

