एमसीडी स्कूल के सामने जल बोर्ड का गड्ढा, बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहे अधिकारी

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
दिल्ली | करावल नगर दिल्ली नगर निगम से संचालित पूर्वी करावल नगर, वार्ड संख्या 241 स्थित सरकारी स्कूल के मुख्य द्वार के सामने दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदा गया गड्ढा लंबे समय से खुला पड़ा हुआ है। यह गड्ढा स्कूली बच्चों, अभिभावकों और आम राहगीरों के लिए गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूल खुलने और छुट्टी के समय सबसे अधिक भीड़ रहती है। प्रतिदिन छात्र-छात्राएं इस गड्ढे के कारण फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे कई बच्चे चोटिल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद न तो गड्ढे को भरा गया है और न ही किसी प्रकार के सुरक्षा इंतज़ाम जैसे बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं।
इस लापरवाही को लेकर अभिभावकों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। उनका कहना है कि कई बार स्थानीय स्तर पर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन दिल्ली जल बोर्ड और संबंधित विभागों की ओर से कोई सुनवाई नहीं हुई।
मामले को लेकर क्षेत्रीय भाजपा नेता, पार्षद और विधायक भी चुप्पी साधे हुए हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या को जानते हुए भी अनजान बने हुए हैं।
लोगों का कहना है कि यदि भविष्य में कोई बड़ा हादसा होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी दिल्ली जल बोर्ड और संबंधित अधिकारियों की होगी। अब सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतज़ार कर रहा है, या फिर समय रहते बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *