हरियाणवी लोकगायिका रचना तिवारी को किया गया सम्मानित

अंकित गर्ग ( वीर सूर्या टाइम्स) हरियाणा के झज्जर जिले के गांव खेड़की गुर्जर में श्री रामकृष्ण गोशाला सेवा समिति द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गाय माता को राष्ट्रीय दर्जा दिलाने को लेकर समाज में जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने गौशाला के संरक्षण, गाय माता की सेवा और उनके महत्व पर अपने-अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि गाय माता की सेवा भारतीय संस्कृति की आत्मा है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को उनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आगे आना चाहिए।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हरियाणा की सुपरस्टार एवं प्रसिद्ध लोक गायिका रचना तिवारी को कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। रचना तिवारी ने अपनी मधुर वाणी से ऐतिहासिक प्रसंगों और गाय माता से जुड़ी अनेक रागनियां प्रस्तुत कीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। उन्होंने गाय माता के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों द्वारा रचना तिवारी को गाय माता का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने पर रचना तिवारी ने गौसेवकों और संस्था के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
रचना तिवारी ने कहा कि वे हमेशा भक्ति भाव से जुड़ी रही हैं और अनेकों गौशालाओं में उनका निरंतर योगदान रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे हर संभव रूप से गौसेवा के कार्यों में संस्था के साथ खड़ी रहेंगी। साथ ही उन्होंने गौपालकों से अपील की कि वे गाय माता को खुले में न छोड़ें तथा उनकी उचित देखभाल और सेवा करें।
इस अवसर पर लोक गायिका शिल्पी तिवारी सहित अन्य कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। शिल्पी तिवारी और अन्य कलाकारों ने गौशाला एवं समिति का धन्यवाद करते हुए गौसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, गौसेवक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने गौसेवा को समाज का दायित्व बताते हुए इसे आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *