अवैध निर्माण के लिए काटे गए हरे-भरे पेड़, स्थानीय लोगों में रोषनगर निगम अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप, जांच की मांग तेज

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स)
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जोहरीपुर क्षेत्र में अवैध निर्माण और हरे-भरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने से स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी है। मामला दिल्ली नगर निगम उत्तरी क्षेत्र शाहदरा ज़ोन के अंतर्गत वार्ड नंबर 240, भागीरथी विहार, गली नंबर 4, फेस-1 स्थित हाजी शब्बीर के मकान संख्या 188 का बताया जा रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार लगभग एक माह पूर्व खाली प्लॉट में लगे तीन छोटे छायादार पेड़ों को कटवा दिया गया और उसके बाद वहां निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि वर्तमान में निर्माण कार्य करीब 40 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है।
इतना ही नहीं, गली में मौजूद लगभग 25 वर्ष पुराने हरे-भरे छायादार पेड़ को भी निर्माण के बीच आने के कारण लगभग 80 प्रतिशत तक काट दिया गया। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि यह कार्रवाई नगर निगम अधिकारियों की मिलीभगत से परमिशन के नाम पर की गई। सूत्रों के अनुसार पेड़ को पूरी तरह सुखाने के लिए उसकी जड़ों में केमिकल तक डाला जा रहा है।
घटना को लेकर स्थानीय लोग काफी आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचाया जा रहा है और अवैध निर्माण को संरक्षण दिया जा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि पेड़ काटने की अनुमति के नाम पर नियमों की अनदेखी की जा रही है।
वहीं सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कुमार जैन ने मामले की जानकारी संबंधित विभागों को देते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतियां उपराज्यपाल राज निवास कश्मीरी गेट, जिलाधिकारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली तथा दिल्ली नगर निगम उत्तरी शाहदरा ज़ोन के डिप्टी कमिश्नर को भी भेजी गई हैं।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध निर्माण कार्य को तुरंत रोका जाए तथा दोषी अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *