
अंकित गर्ग ( वीर सूर्या टाइम्स)
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में लगातार बढ़ रही नशे की समस्या को लेकर नव नियुक्त डीसीपी श्री राहुल उटवाल साहब से सामाजिक प्रतिनिधियों एवं वीर सूर्या टाइम्स की टीम ने मुलाकात की। इस दौरान विशेष रूप से उन नाबालिग बच्चों की स्थिति पर गंभीर चर्चा की गई, जो नशे की गिरफ्त में आकर शिक्षा से दूर होते जा रहे हैं।
बैठक में बताया गया कि क्षेत्र के कई बच्चे कम उम्र में ही गलत संगत और अवैध नशे के संपर्क में आ रहे हैं। नशे की लत के कारण वे स्कूल छोड़ रहे हैं, परिवार से दूर होते जा रहे हैं और छोटी-मोटी आपराधिक गतिविधियों की ओर बढ़ रहे हैं। यह स्थिति समाज और आने वाली पीढ़ी के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है।
डीसीपी राहुल उटवाल ने इस सामाजिक मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए कहा कि बच्चों को अपराध और नशे से बचाने के लिए पुलिस, समाज, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने वीर सूर्या टाइम्स के संरक्षक श्री युगल किशोर जी को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपते हुए ऐसे बच्चों की काउंसलिंग कराने पर जोर दिया।
चर्चा में यह निर्णय लिया गया कि क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर उन बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जो पढ़ाई छोड़ चुके हैं या नशे की वजह से स्कूल से दूरी बना चुके हैं। बच्चों को ट्यूशन, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और सकारात्मक माहौल से जोड़ने की योजना बनाई जाएगी ताकि उनका ध्यान गलत रास्तों से हटाकर बेहतर भविष्य की ओर लगाया जा सके।
इसके साथ ही क्षेत्र में कार्यरत एनजीओ, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शिक्षकों को भी इस मुहिम से जोड़ने की बात कही गई, ताकि हर बच्चे तक सही मार्गदर्शन पहुंच सके। उद्देश्य केवल नशे को रोकना नहीं, बल्कि बच्चों को एक सुरक्षित, शिक्षित और बेहतर जीवन देना है।

