खुला गड्ढा और भरा पानी, प्रशासन की अनदेखी पर फूटा लोगों का गुस्सा

अंकित गर्ग (वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली, मुस्तफाबाद। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र स्थित प्रेम विहार सर्विस रोड पर दिल्ली जल बोर्ड की कथित लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। पाइपलाइन मरम्मत के लिए खोदा गया लगभग 10 फुट गहरा गड्ढा कई दिनों बाद भी खुला पड़ा है और उसमें पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह सर्विस रोड क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। इसके अलावा आसपास की कॉलोनियों के लोग भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। लोगों का कहना है कि खुले और पानी से भरे इस गड्ढे के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन संबंधित अधिकारी शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
समस्या से परेशान क्षेत्रवासियों ने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि गड्ढे को तत्काल भरकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र में पीएनजी पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई स्थानों पर सड़कें और गलियां खोदी गई थीं, जिन्हें अब तक पूरी तरह दुरुस्त नहीं किया गया है। इससे आम नागरिकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता रजनी सूर्यवंशी ने मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने संबंधित विभागों से तत्काल कार्रवाई करने और संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *