मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और जल मंत्री प्रवेश वर्मा का विधायक जितेन्द्र महाजन ने जताया आभार

अंकित गर्ग (वीर सूर्या टाइम्स)
नई दिल्ली। रोहताश नगर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल एवं सीवर व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा लगभग 40 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दिए जाने पर क्षेत्रीय विधायक जितेन्द्र महाजन ने दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता एवं जल मंत्री श्री प्रवेश वर्मा का आभार व्यक्त किया है।
विधायक जितेन्द्र महाजन ने बताया कि दिल्ली सरकार ने रोहताश नगर विधानसभा में नया भूमिगत जलाशय (UGR) निर्माण के लिए 27 करोड़ रुपये, मुख्य क्षतिग्रस्त जल लाइन को बदलने के लिए 4 करोड़ रुपये, एमआईजी फ्लैट लोनी रोड क्षेत्र की सभी जल लाइनों को बदलने के लिए 3 करोड़ रुपये, कबूल नगर की सीवर लाइन बदलने के लिए 80 लाख रुपये तथा नंद नगरी सी-3 में नया ट्यूबवेल लगाने के लिए 13 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है।
उन्होंने बताया कि नए यूजीआर (UGR) के निर्माण के लिए वह वर्ष 2014 से लगातार प्रयासरत थे, लेकिन पूर्ववर्ती सरकार द्वारा दो बार इस प्रस्ताव को निरस्त कर दिया गया था। अब भाजपा सरकार के आने के बाद यह महत्वपूर्ण परियोजना साकार होने जा रही है।
विधायक महाजन के अनुसार प्रस्तावित नए यूजीआर की क्षमता 0.72 एमजीडी (MGD) होगी। इसके निर्माण से रोहताश नगर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान होगा तथा जल भंडारण क्षमता लगभग दोगुनी हो जाएगी। साथ ही मुख्य जल लाइन के बदलने से कम दबाव और दूषित पानी की समस्या से भी क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।
इसी संदर्भ में विधायक जितेन्द्र महाजन, निगम पार्षद रितेश सूजी, पार्षद चंद्र प्रकाश शर्मा एवं पूर्व पार्षद सुमनलता नागर ने मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता तथा दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी एवं जल मंत्री श्री प्रवेश वर्मा से मुलाकात कर क्षेत्र की जनता की ओर से उनका आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के इस निर्णय से रोहताश नगर विधानसभा क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और लाखों नागरिकों को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *