
मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स) दिल्ली, 11 जून। खजूरी खास थाना पुलिस ने चंद दिनों के भीतर हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान चांद बाग निवासी 40 वर्षीय अज़हरुद्दीन के रूप में हुई थी, जिसका शव 8 जून को खजूरी खास मेट्रो स्टेशन के पास बरामद हुआ था।
पुलिस ने इस संबंध में थाना खजूरी खास में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान इंस्पेक्टर जे.पी. मीना, एसएचओ खजूरी खास के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन पड़ताल के आधार पर आरोपी शिफायत (27) निवासी चांद बाग को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह मृतक का मित्र था। 5 जून को दोनों खजूरी खास मेट्रो स्टेशन के पास झाड़ियों में बैठकर गांजा पी रहे थे। इसी दौरान किसी मामूली बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और मृतक ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया।
आरोपी के अनुसार, बाद में जब दोनों वहां से जा रहे थे, तो अज़हरुद्दीन दीवार पार करने के दौरान गिर गया और घायल हो गया। थप्पड़ मारने की बात से नाराज आरोपी ने पत्थर से उस पर कई बार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने शव को ईंटों से ढक दिया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े और जूते भी बरामद कर साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

