गोविन्द सागर (वीर सूर्या टाइम्स ) पूर्वी दिल्ली। पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को एक साथ बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित दिल्ली नगर निगम के चेस्ट एवं टीबी क्लिनिक में विशेष वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाकर हरित पर्यावरण का संदेश दिया और लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व सीएमओ डॉ. बिंदु बहल ने किया। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और लगातार घटती हरियाली मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए, उनकी नियमित देखभाल करे तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करने में अपनी भागीदारी निभाए।
डॉ. बिंदु बहल ने कहा कि एक पेड़ केवल ऑक्सीजन ही नहीं देता, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण कम करने और अनेक बीमारियों के खतरे को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घर, कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि घरों की छतों, कूलर, गमलों, टायरों तथा अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें। नियमित सफाई रखें, मच्छरदानी एवं आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और समाज में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. बिंदु बहल, डॉ. नरोत्तम दास, ममता मैम, डॉ. ललित, सुनील शर्मा सहित टीबी क्लिनिक का समस्त स्टाफ एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर हरित और स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।

