मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स )नई दिल्ली, । दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से बूथ मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन राजेश गर्ग एवं लीगल डिपार्टमेंट के चेयरमैन एडवोकेट सुनील कुमार ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के संबंध में आयोजित बैठक में भाग लिया। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए अधिक पारदर्शिता और मतदाताओं को पर्याप्त समय देने की मांग की।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने से पहले ही चुनाव आयोग से अनमैप्ड मतदाताओं तथा तार्किक विसंगतियों वाले मतदाताओं का डेटा सार्वजनिक करने की मांग की थी। उनके अनुसार, अब यह डेटा उपलब्ध कराया गया है, लेकिन जवाब दाखिल करने के लिए निर्धारित समय को लेकर कांग्रेस ने चिंता जताई है।
यादव ने दावा किया कि बड़ी संख्या में नोटिस अभी वितरित किए जाने बाकी हैं और कई स्थानों पर मतदाता अपने जवाब देने के लिए कतारों में पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में सभी पात्र मतदाताओं को पर्याप्त अवसर देना जरूरी है। कांग्रेस ने क्लेम और ऑब्जेक्शन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 करने की मांग रखी है।
राजेश गर्ग ने कहा कि कांग्रेस के अनुसार ऐसे कई मतदाता हैं, जिनके नाम पहले मतदाता सूची में दर्ज थे, लेकिन ड्राफ्ट सूची में उनका नाम दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों को फॉर्म-6 भरने के लिए कहा जा रहा है। कांग्रेस ने इस प्रक्रिया पर कानूनी आपत्ति जताते हुए कहा कि वह आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का रुख करेगी।
एडवोकेट सुनील कुमार ने कहा कि कुछ ऐसे मतदाताओं के नाम भी ड्राफ्ट सूची में नहीं दिखाई दे रहे हैं, जिन्होंने एन्यूमरेशन फॉर्म जमा किया था और जिन्हें बीएलओ द्वारा रिसीविंग दी गई थी। उन्होंने मांग की कि पात्र मतदाताओं के नामों का नियमानुसार सत्यापन कर उन्हें मतदाता सूची में शामिल किया जाए। उन्होंने बेघर नागरिकों को भी मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया को सुगम बनाने की मांग की।
गौरतलब है कि दिल्ली में एसआईआर प्रक्रिया के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जा चुकी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार नोटिस और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 29 अक्टूबर तक तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 नवंबर 2026 को होना निर्धारित है।

