देश और समाज के लिए समर्पित थे अटल बिहारी वाजपेयी व साहब सिंह चौहान : हर्ष मल्होत्रा

साहब सिंह चौहान के नाम पर स्मारक स्थापित करने की उठी मांग : रामवीर बिधूड़ी

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्य टाइम्स) उत्तर-पूर्वी दिल्ली। यमुना विहार स्थित महावर वैश्य धर्मशाला में स्वर्गीय साहब सिंह चौहान की 8वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्री साहब सिंह चौहान सेवा दल की संयोजक एवं पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीमती पूनम चौहान के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी और स्वर्गीय साहब सिंह चौहान के राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और साहब सिंह चौहान ने अपना जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व अपने कार्यों और विचारों के माध्यम से हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहते हैं। उनकी विचारधारा और जनसेवा का भाव कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रेरणा देता रहेगा।

वही सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने साहब सिंह चौहान के साथ बिताए समय को याद करते हुए कहा कि वे अत्यंत बुद्धिजीवी, अनुभवी और दूरदर्शी व्यक्ति थे। संगठन और सामाजिक विषयों पर लोग उनसे सलाह-मशविरा किया करते थे। उन्होंने कहा कि साहब सिंह चौहान के योगदान को देखते हुए उनके नाम पर कोई महत्वपूर्ण संस्थान या स्मारक स्थापित किया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी उनके जीवन और योगदान से परिचित हो सके।

इसी कड़ी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि जब वे पहली बार चुनाव लड़ने के लिए आए थे, तब साहब सिंह चौहान के मार्गदर्शन में ही उन्होंने चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा कि साहब सिंह चौहान से उन्होंने राजनीति और संगठन के बारे में बहुत कुछ सीखा। उनके विचार और अनुभव आज भी उनके लिए प्रेरणास्रोत हैं।

श्री साहब सिंह चौहान सेवादल की संयोजक एवं भाजपा की पूर्व जिला अध्यक्ष पूर्व विधायक साहब सिंह चौहान की पुत्रवधू श्रीमती पूनम चौहान ने साहब सिंह चौहान के जीवन से जुड़ी स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उनके परिवार का उद्देश्य उनके सेवा भाव को आगे बढ़ाना है। निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करना और जरूरतमंदों के साथ खड़ा रहना ही साहब सिंह चौहान को सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

वही श्रद्धांजलि कार्यक्रम को समाजसेवा से जोड़ते हुए साहब सिंह सेवा दल की ओर से क्षेत्र में रह रहे सैकड़ों टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार वितरित किया गया। आयोजकों ने बताया कि बीमारी से जूझ रहे लोगों को पोषण संबंधी सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
इसके साथ ही साहब सिंह सेवा दल एवं संत परमानंद अस्पताल के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने किया। स्वास्थ्य शिविर में स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

वही विधायक अजय महावर ने कहा कि संगठन और राजनीति की गहरी समझ साहब सिंह चौहान को थी। उन्होंने कहा कि वे चलती-फिरती किताब थे और हर कार्यकर्ता उन्हें सम्मान एवं स्नेह की दृष्टि से देखता था।

वही सत्या शर्मा ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 35 वर्ष के राजनीतिक जीवन में उन्होंने साहब सिंह चौहान से बहुत कुछ सीखा। वहीं गुलाब सिंह राठौर ने कहा कि हजारों कार्यकर्ताओं और नागरिकों को नाम से जानना तथा उन्हें प्रोत्साहित करना साहब सिंह चौहान और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं के व्यक्तित्व की विशेषता थी।

कार्यक्रम का संचालन दीपक चौहान ने किया। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी और साहब सिंह चौहान के जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान से जुड़ी स्मृतियों को साझा किया।

इस अवसर प्रदेश उपाध्यक्ष कौशल मिश्रा, स्टैंडिंग चेयरमैन पूर्व जिलाध्यक्ष महक सिंह, राजकुमार बल्लन, जोन चेयरमैन पुनीत शर्मा,गुलाब सिंह राठौर, जिला अध्यक्ष डॉ. यू.के. चौधरी, राहुल गौड़, योगेंद्र राजोरा, पार्षद रेखा रानी, प्रमोद गुप्ता, अनिल गौड़, आनंद त्रिवेदी, राजीव चौहान, नित्यानंद गैरोला, जितेंद्र शर्मा, सौरभ चातक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, कार्यकर्ता एवं चौहान परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *