एम एस सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स ) उत्तर-पूर्वी दिल्ली। डीसी कॉम्प्लेक्स, नंद नगरी स्थित एसडीएम करावल नगर कार्यालय में कथित रूप से अवैध धनराशि की मांग और आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार को लेकर शिकायत सामने आई है। शिकायत में कार्यालय के रीडर पंकज सिंह एवं एमटीएस रविंद्र सिंह की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, सूत्रों से ऐसी जानकारी सामने आई है कि कार्यालय में विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोगों से कथित रूप से “खर्चा-पानी” के नाम पर धनराशि लेने की बात कही जाती है। आरोप यह भी है कि संबंधित धनराशि में कर्मचारियों को प्रतिशत देने की बात कही गई तथा वरिष्ठ अधिकारी को इसकी जानकारी न होने देने की बात कही गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ आम नागरिकों को एसडीएम से मिलने में कथित रूप से बाधा पहुंचाई जाती है। इसके अलावा 14 सितंबर को कार्यालय में पंकज सिंह का जन्मदिन मनाए जाने और कुछ खाकी वर्दीधारी लोगों द्वारा उनके पैर छूने की तस्वीरें उपलब्ध होने का दावा किया गया है।
शिकायतकर्ता ने सीसीटीवी फुटेज, संबंधित कर्मचारियों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

