नरेंद्र सिंह (वीर सूर्या टाइम्स) नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजधानी में विभिन्न स्थानों पर सड़कों की कटाई, नालियों की खुदाई और निर्माण कार्यों के चलते बढ़ रहे धूल प्रदूषण को लेकर दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि निर्माण एवं खुदाई के बाद मिट्टी और मलबा खुले में छोड़ने से सड़क धूल की समस्या बढ़ रही है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि सड़कों पर उड़ती धूल दिल्लीवासियों के लिए स्वास्थ्य संबंधी चिंता का विषय है। उनके अनुसार, धूल के कारण खांसी, आंखों में जलन और सांस संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं, जिसका असर विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों पर पड़ सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों की खुदाई के बाद समय पर मरम्मत नहीं होने तथा मिट्टी और निर्माण मलबा खुले में पड़े रहने से वाहनों के गुजरने पर धूल हवा में फैलती है। उन्होंने सड़क कटाई के बाद तत्काल मरम्मत, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, नियमित पानी का छिड़काव और मलबे को समय पर हटाने की मांग की।
यह मुद्दा ऐसे समय में उठाया गया है जब दिल्ली सरकार ने भी प्रदूषण नियंत्रण के लिए सड़क धूल, निर्माण गतिविधियों और लंबित सड़क कार्यों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरकार ने विभिन्न जिलों में प्रदूषण हॉटस्पॉट चिन्हित करने और संभव लंबित सड़क एवं सिविल कार्यों को 31 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
देवेंद्र यादव ने मांग की कि खुदाई के बाद खुले पड़े स्थानों को तत्काल सुरक्षित किया जाए, निर्माण मलबा हटाया जाए और धूल नियंत्रण के प्रभावी उपाय लागू किए जाएं। उन्होंने संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की।

