मनीष सूर्यवंशी वीर सूर्या टाइम्स बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश): भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन के समक्ष जोरदार आवाज उठाई। संगठन के जिला संरक्षक चौधरी कुलदीप गुड्डू ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 अप्रैल 2026 को दो ज्ञापन राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगाराम त्यागी की अध्यक्षता में सौंपे गए।
यह ज्ञापन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भारत के प्रधानमंत्री के नाम पर जिलाधिकारी कार्यालय में मुख्य विकास अधिकारी को दिए गए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रमोद पांडे एवं अभिषेक सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सभी मांगों पर बिंदुवार चर्चा की और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही 27 अप्रैल को जिलाधिकारी के साथ वार्ता कराने का भरोसा भी दिया गया।
किसानों की प्रमुख मांगें:
लिंक ग्रीन एक्सप्रेसवे पर चढ़ने-उतरने के लिए अंडरपास, सर्विस रोड एवं उचित मुआवजा
स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लागू किए जाएं
निजी स्कूलों में केवल NCERT पुस्तकों को लागू किया जाए और फीस वृद्धि पर रोक लगे
जिला अस्पताल में मरीजों को प्राइवेट अस्पताल भेजकर हो रही लूट पर रोक
गेहूं खरीद केंद्रों पर सुचारू तौल एवं सभी किसानों की फसल खरीदी सुनिश्चित हो
गांवों में दूषित पेयजल की जांच एवं समाधान
महावीर योजना को जल्द लागू किया जाए
गैस सिलेंडर की कालाबाजारी व ओवररेट बिक्री पर रोक
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राधेश्याम, युवा जिला अध्यक्ष शैलेंद्र आर्य सहित कई गांवों के किसान मौजूद रहे। याकूबपुर, धतूरी, बिलोठ, घूमरावली और बनवारीपुर गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो 29 अप्रैल 2026 को बुलंदशहर अनाज मंडी से जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अंत में किसानों ने “जय जवान, जय किसान” के नारों के साथ अपना विरोध दर्ज कराया।

