मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
मथुरा जनपद की मांट तहसील से विधायक राजेश चौधरी का राजनीतिक प्रभाव वर्तमान समय में तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। न सिर्फ मथुरा, बल्कि पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उनकी सक्रियता और मजबूत पकड़ को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राजेश चौधरी अब केवल मांट विधानसभा तक सीमित नेता नहीं रहे, बल्कि क्षेत्रीय राजनीति की दिशा तय करने वाले प्रमुख चेहरों में शामिल हो चुके हैं।
विधायक राजेश चौधरी की बढ़ती सक्रियता का असर प्रशासनिक अमले पर भी साफ दिखाई दे रहा है। विकास कार्यों से लेकर क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान तक, उनकी भूमिका निर्णायक मानी जा रही है। नौकरशाही के गलियारों में भी उनका नाम प्रभावशाली नेताओं की सूची में तेजी से जुड़ रहा है।
दूसरी ओर, उनके राजनीतिक विरोधी पूरी तरह बैकफुट पर नजर आ रहे हैं। जो नेता पहले कड़ी चुनौती देते थे, वे अब राजनीतिक परिदृश्य से लगभग गायब दिखाई दे रहे हैं। मौजूदा हालात में विरोधी खेमा दबाव में नजर आ रहा है।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि मांट विधानसभा क्षेत्र अब पश्चिम उत्तर प्रदेश की राजनीति का उभरता हुआ शक्ति-केंद्र बनता जा रहा है। इसका सबसे बड़ा कारण विधायक राजेश चौधरी का आवास, जो इन दिनों उत्तर प्रदेश की राजनीति का नया केंद्र बनकर उभरा है। बीते कुछ समय से उनके आवास पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं की लगातार मौजूदगी ने सियासी हलचल तेज कर दी है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विधायक के आवास पर पहुँचना मांट के विकास और नेतृत्व पर सरकार के भरोसे को दर्शाता है। यह मुलाकात केवल शिष्टाचार तक सीमित नहीं रही, बल्कि क्षेत्रीय विकास और संगठनात्मक रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेतृत्व की उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया।
नितिन नवीन, पंकज चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों और विधायकों की मौजूदगी ने विधायक राजेश चौधरी के आवास को मानो “लघु विधानसभा” का रूप दे दिया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का आगमन भी राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों नेताओं के आत्मीय संबंधों से क्षेत्र की जनता में यह भरोसा मजबूत हुआ है कि मांट की समस्याएं अब सीधे सत्ता के शीर्ष स्तर तक पहुंच रही हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि विधायक राजेश चौधरी की संगठनात्मक पकड़, रणनीतिक समझ और बढ़ती लोकप्रियता उन्हें ब्रज क्षेत्र का सबसे प्रभावशाली नेता बना रही है। सत्ता और संगठन के दिग्गजों का उनके आवास पर लगातार जमावड़ा इस बात का संकेत है कि आने वाले समय में मांट और ब्रज क्षेत्र की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

