सांसद मनोज तिवारी ने किया लोकार्पण, स्वच्छता व्यवस्था को मिली मजबूती

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने वार्ड संख्या 222, रामनगर ईस्ट में फिक्स्ड कंपैक्टर ट्रांसफर स्टेशन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर दिल्ली नगर निगम शाहदरा उत्तरी ज़ोन के अध्यक्ष पुनीत शर्मा, उपायुक्त लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक मिश्रा, सहायक आयुक्त हेमराज मीणा, सेनेटरी सुपरिटेंडेंट ब्रह्म प्रकाश, निगम पार्षद चंद्र प्रकाश शर्मा, सांसद प्रतिनिधि आनंद त्रिवेदी, भाजपा नेता हरिओम विश्वकर्मा, राधेश्याम यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कूड़ा निस्तारण कार्य में लगी मेट्रो बेस्ट कंपनी के अधिकारी राजकुमार श्रीवास्तव व निगम के अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
लोकार्पण के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए केंद्र सरकार से लेकर स्थानीय निकायों तक निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम के साथ समन्वय कर आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिक्स्ड कंपैक्टर ट्रांसफर स्टेशन के लिए भूमि उपलब्ध कराने में दिल्ली विकास प्राधिकरण और नगर निगम के बीच आ रही बाधाओं को दूर करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, ताकि भविष्य में और ऐसे स्टेशन स्थापित किए जा सकें।
सांसद ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार ने दिल्ली में स्वच्छता अभियान के लिए पर्याप्त संसाधन और धन उपलब्ध कराया, लेकिन पूर्व की आम आदमी पार्टी सरकार ने इन योजनाओं को ज़मीन पर लागू नहीं होने दिया। अब दिल्ली में तीन इंजन की सरकार बनने के बाद बिना रुकावट विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं।
उपायुक्त अभिषेक मिश्रा ने बताया कि पूरे ज़ोन में अब तक 21 फिक्स्ड कंपैक्टर ट्रांसफर स्टेशन बन चुके हैं, जबकि 16 अन्य स्थानों पर अभी आवश्यकता है। सांसद मनोज तिवारी के सहयोग से 6 स्थानों पर भूमि उपलब्ध हो चुकी है और शेष स्थानों पर भी जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
ज़ोन अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने कहा कि पूर्व में भूमि आवंटन और केंद्र सहयोग से जुड़ी फाइलें वर्षों तक अटकी रहीं, लेकिन अब भाजपा की सरकार बनने के बाद रुके हुए विकास कार्य तेज़ी से पूरे किए जा रहे हैं।
निगम पार्षद चंद्र प्रकाश शर्मा ने बताया कि पहले क्षेत्र में कूड़ा सड़क पर फैला रहता था, जिससे लोगों को गंदगी और बीमारियों का सामना करना पड़ता था। अब इस स्टेशन के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *