तरुण खटीक हत्याकांड को लेकर शिव विहार में कैंडल मार्च, दोषियों को फांसी की मांग

अंकित गर्ग – वीर सूर्य टाइम्स |
दिल्ली के शिव विहार क्षेत्र में तरुण खटीक हत्याकांड को लेकर खटीक समाज में भारी रोष देखने को मिल रहा है। समाज के लोगों ने तरुण खटीक को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि तरुण खटीक की 30 से 35 लोगों द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद पूरे देश में खटीक समाज के साथ-साथ कई हिंदू संगठनों में भी आक्रोश है और वे लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं।
इसी कड़ी में शिव विहार खटीक समाज के लोगों ने काली मंदिर से कैंडल मार्च शुरू किया, जो नवजीवन स्कूल, श्री राम चौक होते हुए कसाना चौक पर समाप्त हुआ। मार्च में शामिल सभी लोगों की एक ही मांग थी कि तरुण खटीक के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। प्रदर्शनकारियों ने “हत्यारों को फांसी दो” और “दोषियों का एनकाउंटर हो” जैसे नारे भी लगाए।
इस दौरान नगर निगम के पूर्व प्रत्याशी रजनी सूर्यवंशी ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने अभी तक केवल आरोपियों के छज्जे तोड़ने जैसी कार्रवाई की है, जबकि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कठोर कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने केंद्र और दिल्ली सरकार से मांग की कि दोषियों को ऐसी सख्त सजा दी जाए जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह का अपराध करने की हिम्मत न कर सके।
वहीं अखिल भारतीय खटीक समाज के अध्यक्ष नवाब सिंह ने भी सरकार की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि 30 से 35 आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यदि सरकार उचित कार्रवाई नहीं करती है तो खटीक समाज दिल्ली में महापंचायत आयोजित करेगा, जिसमें जो भी निर्णय लिया जाएगा वह सभी को मान्य होगा।
नवाब सिंह ने विपक्षी नेताओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अभी तक किसी भी विपक्षी नेता का इस मामले में बयान सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि तरुण खटीक के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए।
कैंडल मार्च में वीरपाल, शिव कुमार चौहान, एडवोकेट लोकेश कुमार, सुनील फौजी, पप्पी तोमर, राहुल सूर्यवंशी, विनोद कुमार नितिन राजोरा, सतीश कुमार,रेखा खटीक सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *