
मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के अशोक विहार फेस-3 क्षेत्र में सूर्यवंशी फाउंडेशन द्वारा होली मिलन उत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह और आपसी भाईचारे के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक होली गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामाजिक एकता का संदेश देने वाले कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
होली मिलन उत्सव के अवसर पर फाउंडेशन के सदस्यों ने जानकारी दी कि दिल्ली में सूर्यवंशी भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किए जाने की दिशा में प्रयास तेज किए जा रहे हैं। समाज के कई प्रमुख लोगों द्वारा भवन निर्माण के लिए सहयोग प्रदान किया जा चुका है, हालांकि कुछ आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण कार्य में चुनौतियां सामने आ रही हैं।
इस अवसर पर संगठन के पूर्व अध्यक्ष श्री काली चरण (नेता जी) ने समाज के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक सहयोग कर सूर्यवंशी भवन निर्माण को सफल बनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को इसका पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यह भवन समाज के कार्यक्रमों का केंद्र बनेगा, जहां शिक्षा, संगठन और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। देशभर से पढ़ाई के लिए आने वाले समाज के छात्र-छात्राओं को यहां ठहरने की सुविधा देने की भी योजना है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने समाज के परिवार विस्तार, आपसी सहयोग और व्यापार की ओर आगे बढ़ने पर विशेष जोर दिया। समाज को आत्मनिर्भर बनाने के लिए छोटे व मध्यम व्यवसायों को अपनाने, आपसी सहयोग से नए व्यापार शुरू करने तथा युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर चर्चा की गई।
इसी कड़ी में ओमप्रकाश पिंडोरा की ओर से समाज के युवाओं को ऑटोमोबाइल सेक्टर में आगे बढ़ाने हेतु सहयोग देने का प्रस्ताव रखा गया। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर समाज के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उनके इस सुझाव का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।
कार्यक्रम में समाज को नशे से दूर रहने, बच्चों को अच्छे स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने तथा सरकारी शिक्षा योजनाओं का लाभ उठाने का संदेश भी दिया गया।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन समाज में एकता, सौहार्द और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही। होली मिलन उत्सव को शांति, अनुशासन और पारंपरिक मर्यादाओं के साथ संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर श्री ऋषि पाल सिंह, श्री राजेन्द्र सिंह, श्री नरेश कुमार, श्री हरि सिंह चौहान, श्री मदन मोहन, श्री उदय वीर सिंह, श्री महावीर सिंह, श्री रविन्द्र सूर्य प्रताप सिंह, छपरपाल सिंह, श्री ओम प्रकाश राणा, श्री सुमित राणा, श्री सुभाष चंद, श्री हर किशन पिंडोरा, श्री ओम प्रकाश राजौरिया, श्री विकास रजौरा, विजेन्द्र सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में सूर्यवंशी समाज के लोग मौजूद रहे।

