आईपी यूनिवर्सिटी के 18वें दीक्षांत समारोह में 1088 छात्रों को डिग्री, मेधावियों को स्वर्ण पदक

मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्यवंशी )
नई दिल्ली: गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के 18वें दीक्षांत समारोह का आयोजन नई दिल्ली में भव्य रूप से किया गया। इस अवसर पर दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू एवं माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को डिग्रियां एवं सम्मान प्रदान किए।
समारोह में कुलपति प्रो. (डॉ.) महेश वर्मा सहित विश्वविद्यालय के वैधानिक निकायों के सदस्य भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मेधावी छात्रों को 76 स्वर्ण पदक एवं 6 विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
दीक्षांत समारोह में कुल 1088 छात्रों को डिग्री प्रदान की गई, जिनमें बी.टेक. के 946, बीबीए के 124 तथा एमबीए के 18 छात्र शामिल रहे।
इस मौके पर डॉ. अखिलेश दास गुप्ता इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की छात्रा अर्चिता जैन को शानदार शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें अशोक साहनी उत्कृष्टता पुरस्कार के तहत 51 हजार रुपये की राशि भी प्रदान की गई।
वहीं, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के सूरज कुमार पांडेय तथा सिविल इंजीनियरिंग के मोहम्मद शुआइब ने भी विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किए और संस्थान का नाम गौरवान्वित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *