अंकित गर्ग (वीर सूर्या टाइम्स ) उत्तर पूर्वी दिल्ली। खजूरी चौक पर लंबे समय से लगने वाले जाम और सड़क किनारे रेडी-पटरी के अतिक्रमण को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन, दिल्ली नगर निगम और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर यातायात बाधित कर रहे कुछ रेडी-पटरी वालों का सामान हटाया गया, जबकि कुछ के चालान काटे गए और कुछ लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खजूरी चौक पर रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क के किनारे रेडी-पटरी लगने और सामान सड़क तक फैलाए जाने के कारण वाहन चालकों तथा राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों के मुताबिक सहारनपुर हाईवे और पिंक लाइन मेट्रो शुरू होने के बावजूद चौक पर जाम की समस्या में अपेक्षित कमी दिखाई नहीं दे रही है।
उत्तर पूर्वी दिल्ली प्रशासन के अधिकारी वरुण शर्मा ने बताया कि खजूरी चौक पर अतिक्रमण और यातायात बाधित होने की शिकायतें काफी समय से मिल रही थीं। संबंधित लोगों को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन इसके बावजूद सड़क पर रेडी-पटरी लगाकर यातायात प्रभावित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि आगे भी यदि सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित किया गया तो सामान जब्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, राहगीरों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान समय-समय पर चलाए जाने चाहिए, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात सुचारु बना रहे।
दूसरी ओर, कुछ रेडी-पटरी वालों ने कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि वे रोजी-रोटी के लिए सड़क किनारे सामान लगाते हैं और उनके लिए उचित स्थान की व्यवस्था की जानी चाहिए।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि खजूरी चौक पर यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और सड़क पर अतिक्रमण की समस्या पर स्थायी रूप से नियंत्रण किया जाएगा।

