लोनी गोल चक्कर अंडरपास की आधारशिला, लाखों लोगों को जाम से राहत की उम्मीदनई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोनी

मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स) । उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोनी गोल चक्कर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही यातायात जाम की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। प्रस्तावित अंडरपास परियोजना की आधारशिला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रखी।
कार्यक्रम में दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, उत्तर-पूर्वी जिला विकास समिति के चेयरमैन एवं रोहतास नगर विधायक जितेंद्र महाजन, नवीन शाहदरा जिला प्रभारी डॉ. योगेश आत्रेय, जिलाध्यक्ष मास्टर विनोद कुमार सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक जितेंद्र महाजन ने कहा कि लोनी गोल चक्कर पर बनने वाला अंडरपास क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी। यहां लगने वाले जाम के कारण स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना आवागमन करने वाले नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित परियोजना की अनुमानित लागत करीब 56 करोड़ रुपये है। इसे लगभग दो से ढाई वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अंडरपास बनने के बाद शाहदरा से लोनी बॉर्डर तथा लोनी से शाहदरा की ओर आने-जाने वाले लोगों को यातायात सुगम होने की उम्मीद है।
जितेंद्र महाजन ने कहा कि यह परियोजना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में उठाया गया कदम है। उन्होंने कहा कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सड़क, यातायात और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है और जनता के सहयोग से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *