
अवी कोर (वीर सूर्या टाइम्स )
उत्तर-पूर्वी दिल्ली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में राजधानी दिल्ली में स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के तुकमीर रोड स्थित पुष्पांजलि मॉडल पब्लिक स्कूल के सामने आरएएफ 103 बटालियन की ओर से “स्वच्छता ही सेवा” अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अभियान के दौरान कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेकर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष अभियान या दिवस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने घर, सड़क, मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
कार्यक्रम में स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया। मंत्री कपिल मिश्रा ने पुष्पांजलि मॉडल पब्लिक स्कूल परिसर में पौधारोपण किया और लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण के साथ हरित पर्यावरण भी स्वस्थ और सुरक्षित समाज के लिए आवश्यक है।
आरएएफ 103 बटालियन के कमांडेंट चंदन बॉबी सिंह के नेतृत्व में बटालियन के जवानों और कार्मिकों ने अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी सफाई अभियान में भागीदारी की। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी संजीव कुमार सिंह, चौधरी मितांशु, डिप्टी कमांडेंट विजेंद्र, शोभा, मुकेश तथा असिस्टेंट कमांडेंट प्रह्लाद, मनफूल सहित बटालियन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने, कूड़े को निर्धारित स्थान पर डालने और आसपास के वातावरण को साफ रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने भी स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की बात कही।
अभियान के माध्यम से “स्वच्छता ही सेवा”, “स्वच्छता में सहभागिता”, “स्वच्छ भारत” और “विकसित भारत” का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करना रहा।
कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि किसी क्षेत्र को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन या किसी एक संस्था की नहीं है। इसमें स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों, संस्थाओं और सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार किया जा सकता है।
स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता से ही स्वच्छ वातावरण और बेहतर समाज का निर्माण संभव है।
