अंकित गर्ग ( वीर सूर्या टाइम्स )
खुर्जा। खुर्जा डिवीजन के अंतर्गत आने वाली नहरों में पानी छोड़े जाने के बाद से लगातार नहर कटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताज़ा मामला मंगलवार को गौरोला माइनर का है, जहां माइनर के बार-बार कटने से बिरजूगढ़ी, चांदपुर, गांगुली, मानागढ़ी, अवाखेड़ा, अभयपुर, रामगढ़ी सहित आसपास के दर्जनों गांवों में किसानों की सैकड़ों बीघा फसल पानी में डूबकर पूरी तरह बर्बाद हो गई। किसानों का आरोप है कि यह पूरा नुकसान सिंचाई विभाग खुर्जा डिवीजन की घोर लापरवाही का नतीजा है।
किसानों के अनुसार, जेवर रजवाहा में आवश्यकता से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण सकतपुर के पास रजवाहा ओवरफ्लो हो गया, जिससे उससे जुड़ी माइनरें भी उफान पर आ गईं। इसी दौरान गौरोला माइनर कई स्थानों पर कट गई। माइनर कटने से पानी ने आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचा दी। खेतों में पानी भर जाने से आलू और गेहूं जैसी तैयार फसलें सड़ गईं, वहीं पास में स्थित ईंट-भट्ठा भी इसकी चपेट में आ गया। भट्ठा मालिक बलवीर सिंह ने बताया कि माइनर कटने से भट्ठे में पानी भर गया, जिससे लाखों रुपये की ईंटें खराब हो गईं। पानी मजदूरों की झुग्गी-झोपड़ियों में घुस गया, जिससे ठंड के मौसम में उन्हें रात गुजारना मुश्किल हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि नहर में पानी छोड़े जाने के बाद सिंचाई विभाग की ओर से न तो कोई निगरानी की गई और न ही कोई कर्मचारी मौके पर तैनात रहा। मानागढ़ी गांव के किसान शीशराम चौधरी ने बताया कि माइनर कटने की सूचना देने पर अधिशासी अभियंता ने कर्मचारियों को भेजने का आश्वासन दिया था, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
किसानों में सिंचाई विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। किसान सतीश कुमार, प्रकाश चौधरी, मनवीर सिंह, लक्ष्मी नेताजी, रवि कुमार, शिवकुमार, रणधीर सिंह, अजय शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार फोन करने के बावजूद विभागीय अधिकारी कॉल तक नहीं उठा रहे हैं। किसानों का कहना है कि इस बार नहर का पानी सिंचाई के लिए नहीं बल्कि किसानों के लिए काल बनकर आया है।
ग्रामीण किसानों ने यह भी बताया कि इस बार माइनर की सिल्ट सफाई ठीक ढंग से नहीं कराई गई, जिसकी शिकायत सफाई के दौरान ही की गई थी। इसके बावजूद अत्यधिक पानी छोड़े जाने से प्रतिदिन कहीं न कहीं नहर कट रही है, जिससे विभागीय कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस पूरे मामले में राष्ट्रीय लोक दल के युवा किसान नेता ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि सिंचाई विभाग की लापरवाही से किसानों की फसल को जो भी नुकसान हुआ है, उसका मुद्दा माननीय विधायक योगेश नौहवार जी के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक इस गंभीर मामले को माननीय मुख्यमंत्री एवं माननीय जल शक्ति मंत्री तक पहुंचाएंगे। ज्ञानेंद्र सिंह ने विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह बड़ी प्रशासनिक लापरवाही है और इसके लिए जिम्मेदार जूनियर इंजीनियर को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसानों के साथ ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

