मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
मथुरा। जिला मथुरा के गांव डिडेसरा में राष्ट्रीय लोक दल एवं भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय लोक दल के वरिष्ठ नेता एवं मांट विधानसभा क्षेत्र से विधायक योगेश नोहवार का भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विधायक योगेश नोहवार ने मांट विधानसभा क्षेत्र में कराए गए अपने अनेक विकास कार्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों के समक्ष रखी। उन्होंने ब्रज की पावन नारद तपोभूमि पर संकल्प लेते हुए कहा कि वे अपने निर्धारित बजट के अनुसार क्षेत्र में आगे भी निरंतर विकास कार्य करते रहेंगे।
विधायक योगेश नोहवार ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया और कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने अग्निवीर योजना को समाप्त कराने के प्रयासों के लिए भारत सरकार के मंत्री, राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की सराहना की। साथ ही राष्ट्रीय लोक दल को उसके संस्थापक, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी बताया।
विधायक योगेश नोहवार ने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल का गठन किसान, मजदूर, दलित और पिछड़े वर्गों के सम्मान व अधिकारों के लिए किया गया था और पार्टी आज भी उसी विचारधारा पर काम कर रही है।
कार्यक्रम में नरदेव बेनीवाल द्वारा राजा सूरजमल एवं चौधरी चरण सिंह के जीवन और संघर्ष पर आधारित रागनी प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

