
मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स) नई दिल्ली। भारतीय लोकतंत्र के महापर्व 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली स्थित 25, तुगलक रोड पर भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर विस्तार से विचार साझा किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी ने कहा कि गणतंत्र दिवस हम सभी को कर्तव्य, एकता और समरसता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
जयंत चौधरी ने अपने संबोधन में किसानों और मजदूरों के हितों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि देश की प्रगति की नींव इन्हीं के कठिन परिश्रम पर टिकी है। उन्होंने किसानों एवं श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्ति के माहौल और संविधान के प्रति निष्ठा के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

