मनीष सूर्यवंशी (वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित राजेंद्र भवन में खटीक समाज द्वारा “आपसी परिचय संगम” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के सीनियर अधिकारी गण, कर्मचारी, निजी संस्थानों से जुड़े पेशेवर, व्यापारी वर्ग, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, महिलाएं और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में भाईचारा, एकता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना तथा युवाओं और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब समाज के सभी वर्ग—युवा, महिलाएं और अनुभवी लोग—एक मंच पर आते हैं, तो विकास की नई राहें खुलती हैं।

आयोजन समिति के शिवलाल बसवाल, लाल सिंह, मक्खन सिंह, भगत सिंह, डॉ. सतीश तितोरिया , तपन कुमार,श्रीमती शशि तंवर, डॉ. अशोक पाल और नरेंद्र सिंह किरार सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। यह न केवल परिचय बढ़ाते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रमुख समाजसेवी गजेंद्र तोमर ने कहा कि भाईचारा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा एकजुट होकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें, तो वे समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
वहीं प्रेरणादायक वक्ता युगल किशोर ने युवाओं और महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा, आत्मविश्वास और मेहनत ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने महिलाओं से विशेष रूप से आगे आने और हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
प्रमुख समाजसेवी डॉ. नवीन कुमार सूर्या ने कहा कि समाज में समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन आवश्यक है, जिससे महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेकर युवा और महिलाएं जागरूक बनें और समाज को मजबूत करें।
कार्यक्रम में अलीगढ़, बुलंदशहर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, तेलंगाना सहित देश के विभिन्न राज्यों और जिलों से आए लोगों की उपस्थिति ने इसे राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह संगम केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारा, महिला सशक्तिकरण और युवा जागरूकता का सशक्त संदेश है।

