
मनीष सूर्यवंशी – वीर सूर्या टाइम्स पूर्वी दिल्ली:राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी के बीच (जीटीबी अस्पताल) में मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के कई वार्डों में एसी और पंखे खराब होने से मरीज और उनके परिजन गर्मी में बेहाल हैं।
जानकारी के अनुसार अस्पताल के कई वार्डों में लगे विंडो एसी लंबे समय से खराब पड़े हैं, जबकि कई पंखे भी काम नहीं कर रहे। स्थिति यह है कि मरीजों और तीमारदारों को हाथ वाले पंखों का सहारा लेना पड़ रहा है। वार्डों में उमस और गर्मी के कारण खासकर बुजुर्ग, गंभीर मरीज और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल में रोजाना हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में गर्मी के बीच खराब एसी और पंखों ने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों के परिजनों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
वार्ड नंबर-27 में भर्ती एक मरीज के तीमारदार ने बताया कि “भीषण गर्मी के कारण मरीजों की हालत और बिगड़ रही है। मजबूरी में लोग घर से कूलर और टेबल फैन तक लाने को मजबूर हैं।” वहीं ओपीडी में भी मरीजों को पसीने और उमस के बीच लंबी लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से जल्द से जल्द सभी खराब एसी और पंखों को ठीक कराने तथा वार्डों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि मरीजों को राहत मिल सके।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि खराब एसी और पंखों को ठीक कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।

