रिक्शा निकालने को लेकर विवाद, शोक सभा में जमकर मारपीट

अंकित गर्ग (वीर सूर्या टाइम्स)
लोनी। गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के अमर विहार इलाके में शोक सभा के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मृतक के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों पर महिलाओं समेत परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

https://youtu.be/GFs5vATmT4U?si=pU7JTd60_s930zCm
जानकारी के अनुसार, इलाके में रहने वाले मुरारी के निधन के बाद परिजन और स्थानीय लोग शोक व्यक्त करने के लिए एकत्रित थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ युवक पानी के रिक्शे के साथ गली से गुजर रहे थे। शोक सभा में मौजूद लोगों ने उन्हें दूसरे रास्ते से जाने की बात कही, जिस पर कहासुनी शुरू हो गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने मृतक मुरारी की पत्नी ज्योति, ओर सास रजनी सहित अन्य परिजनों के साथ मारपीट की। घटना में कई महिलाओं को चोटें आई हैं। परिवार का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता रजनी की शिकायत पर थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने निखिल, वरुण और कन्हैया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि महिलाओं के साथ हुई कथित अभद्रता और मारपीट के अनुरूप गंभीर धाराएं नहीं लगाई गई हैं। परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपी पहले भी मोहल्ले में लोगों से विवाद और झगड़े कर चुके हैं तथा कई बार इलाके का माहौल खराब कर चुके हैं।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *