कांवड़ियों की सेवा में जुटी श्री कावड़िया सेवा समिति, ‘मंत्र सुनाओ-इनाम पाओ’ अभियान बना आकर्षण का केंद्र

मनीष सूर्यवंशी ( वीर सूर्या टाइम्स )उत्तर पूर्व दिल्ली के भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के नजदीक सावन के पावन महीने में जहां हर ओर भगवान शिव की भक्ति और कांवड़ यात्रा का उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं श्री कावड़िया सेवा समिति द्वारा कांवड़ियों की सेवा के लिए लगाए गए कांवड़ कैंप में श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। समिति द्वारा कई वर्षों से कांवड़ियों एवं भोले के भक्तों की सेवा की जा रही है।
कांवड़ कैंप के आयोजक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कवि भुवनेश सिंगल ने बताया कि पिछले दो वर्षों से समिति द्वारा विशेष रूप से कांवड़ कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप में दूर-दराज से कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्तों के लिए सेवा-सुविधाओं की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने कहा कि भोले के भक्तों की सेवा करना ही भगवान शिव की सच्ची सेवा है।
कैंप में इस बार श्रद्धालुओं के बीच ‘मंत्र सुनाओ, इनाम पाओ’ अभियान भी चलाया गया, जिसने भक्तों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इस अभियान के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक मंत्रों का उच्चारण करने के लिए प्रेरित किया गया और प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। अभियान के दौरान भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कैंप में सेवा कार्यों में समिति के सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कांवड़ियों के स्वागत और सेवा के लिए कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
इस अवसर पर रोहतास कश्यप, नितिन अग्रवाल, नरेश चौधरी, राजेश यादव, डॉ. अनिल गुप्ता, प्रिंस अग्रवाल, अजय शुक्ला, ललित आनंद, नरेंद्र मोरल, अमर झा, विपिन कुमार, विश्वजीत मिश्रा, वैभव सहित अनेक गणमान्य लोग, समिति के सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और भाईचारे का संदेश देने वाला अवसर भी है। इसी भावना के साथ श्री बावड़िया सेवा समिति आगे भी कांवड़ियों की सेवा एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *