
मनीषसूर्यवंशी (वीर सूर्य टाइम्स)
नई दिल्ली। श्रावण महोत्सव के अवसर पर शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा और स्वास्थ्य सुरक्षा के उद्देश्य से आरोग्य भारती दिल्ली प्रांत, यमुना विहार विभाग के नंदनगरी जिला की ओर से नंदनगरी डिस्ट्रिक्ट पार्क, मेन वजीराबाद रोड के पास 24 घंटे संचालित निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया है।
शिविर का संचालन यमुना विहार विभाग के संयोजक डॉ. पवन शर्मा, नंदनगरी जिला अध्यक्ष डॉ. सुशील शर्मा, जिला सचिव डॉ. धनंजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों की देखरेख में किया जा रहा है।
शिविर में दिन-रात चिकित्सकों की टीम शिवभक्त कांवड़ियों की स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध करा रही है। कांवड़ यात्रा के दौरान थकान, कमजोरी अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे श्रद्धालुओं को शिविर में आवश्यक चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
सेवा में जुटे युवा कार्यकर्ता
चिकित्सा सेवा के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता भी शिवभक्तों की सहायता में जुटे हैं। कार्यकर्ता शिविर की व्यवस्थाओं को संभालने के साथ श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
शिविर में लगातार बड़ी संख्या में कांवड़िये पहुंचकर चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। शिवभक्तों ने आरोग्य भारती के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
आयोजकों के अनुसार 24 घंटे चलने वाला यह निःशुल्क चिकित्सा शिविर 11 अगस्त 2026 तक लगातार जारी रहेगा। चिकित्सा टीम और सेवा कार्यकर्ता शिवभक्तों की स्वास्थ्य सुरक्षा एवं सहायता के लिए पूरे समर्पण के साथ सेवाएं दे रहे हैं।
“सेवा ही साधना है—शिवभक्तों की सेवा, महादेव की सेवा।”

