नरेंद्र सिंह (वीर सूर्या टाइम्स )
नई दिल्ली दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से शहर में लगातार हो रही बारिश ने जेजे क्लस्टरों, पुनर्वास और अनधिकृत कॉलोनियों, शहरी और ग्रामीण गांवों में रहने वाले गरीब लोगों के जीवन को असहनीय रूप से नरक बना दिया है।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि मानसून की बारिश में दिल्ली पूरी तरह जलमग्न हो रही है और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कहीं दूर लोगों से मिलकर फोटो ऑप करके बयान दे रही है कि हमने जल भराव को रोका है जबकि वास्तविकता दिल्ली के लोग जानते है, जिन्हें अपने घर से बाहर कदम रखते ही पानी में डूबने का डर सता रहा है। श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री बनते ही मार्च महीने में दावा किया था कि दिल्ली में जल भराव नही होगा, दिल्ली की जनता को जल भराव के संकट से राहत देना भाजपा सरकार की पहली जिम्मेदारी होगी।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी के कारण जहां मानसून की हर बारिश में दिल्ली की सड़कों, कालोनियों और बाजारों में 2-3 फिट पानी भरने से लोग परेशान है वहीं उफनती यमुना के खतरे के निशान पार करने के बाद बाढ़ के डर के साथ दिल्ली वालों के उपर दोहरा संकट मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि अनाधिकृत कॉलोनियां, दिल्ली देहात, पुनर्वास कॉलोनियां, जे.जे. कलस्टर और झुग्गी झौपड़ियां में बारिश के कारण यहां लोगों का जीवन नरक बना हुआ है जबकि भाजपा की दिल्ली सरकार कुछ राहत देने की बजाय खोखले दावे कर रही है कि जल भराव हो ही नही रहा।

